मेरठ संवाददाता :- शाहिदीन मलिक
मेरठ के सदर बाजार क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। घर का इकलौता बेटा 26 वर्षीय केशव रात करीब 12:30 बजे फोन पर बुलाए जाने के बाद घर से बाहर निकला, जहां उसे दो युवकों ने घेरकर सीने में गोली मार दी। वारदात उसके ठीक पीछे-पीछे पहुंची मां की आंखों के सामने हुई।
परिवार के अनुसार रात करीब 11 बजे केशव की अपने दोस्तों से कहासुनी हुई थी। पिता राधेश्याम ने उसे शांत कराया और सोने भेज दिया। लेकिन रात 12:30 बजे उसे फिर से फोन आया। कॉल करने वालों ने केशव को घर से बाहर बुलाया। मां सोनू ने बताया कि जैसे ही उन्होंने बेटे को बाहर जाते देखा, वह घबरा गईं और उसके पीछे चल दीं। घर से करीब 150 मीटर दूर दो बाइक पर आए आरोपी युवकों ने केशव को घेर लिया, लात-घूंसे मारे और फिर सीने में तमंचे से गोली मार दी।

गोली लगते ही मां चीखने लगीं, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए। लहूलुहान केशव को उठाकर सुशीला जसवंत राय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पिता ने बताया कि केशव दो बहनों का इकलौता भाई था और परिवार की उम्मीदों का केंद्र। वह एलएलबी अंतिम वर्ष का छात्र था और आज उसकी पहली परीक्षा थी। लेकिन उससे पहले ही हत्यारों ने उसकी जिंदगी खत्म कर दी।

पिता राधेश्याम ने नामजद आरोप लगाते हुए कहा कि बेटे की हत्या केशव के जीजा अंश ने अपने साथी पीयूष के साथ मिलकर की है। उन्होंने बताया कि जनवरी में उनकी बेटी लापता हो गई थी। बाद में जानकारी मिली कि अंश उसे बहला-फुसलाकर ले गया और शादी कर ली। शादी के बाद बेटी को प्रताड़ित भी किया जाता था। परिवार का दावा है कि इन्हीं विवादों की वजह से अंश ने केशव की हत्या की।

वारदात के बाद परिवार और स्थानीय लोगों ने आरोपियों के रोहटा रोड स्थित घर के बाहर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।