झांसी जिले के रक्सा थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या अचानक मिली बड़ी रकम रिश्तों की नींव भी हिला सकती है? बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण यानी बीडा से मिले मुआवजे के बाद एक युवक के कथित तौर पर अपनी प्रेमिका के साथ फरार होने का मामला चर्चा में है। पीड़ित पत्नी अब अपने छह साल के बेटे के साथ पुलिस और प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रही है।
मामला झांसी जिले के इमलिया गांव का है। यहां रहने वाली रुचि परिहार ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उसके पति नीलेश परिहार ने बीडा से मुआवजे की रकम मिलने के बाद अपना व्यवहार पूरी तरह बदल लिया और अब वह गांव की एक युवती के साथ लापता हो गया है।
जानकारी के अनुसार, रुचि के ससुर धनीराम की करीब पांच एकड़ जमीन बुंदेलखंड औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा अधिग्रहित की गई थी। इसके बदले परिवार को लगभग एक करोड़ रुपये का मुआवजा मिला। परिवार में तीन बेटे होने के कारण यह रकम आपस में बांटी गई और बताया जा रहा है कि नीलेश परिहार के हिस्से में करीब 25 लाख रुपये आए थे।
पीड़िता रुचि का कहना है कि मुआवजे की रकम मिलने से पहले उनका परिवार सामान्य जीवन जी रहा था। नीलेश छोटा-मोटा काम करके परिवार का खर्च चलाता था और सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन पैसे आने के बाद उसके व्यवहार में अचानक बदलाव आने लगा। रुचि के मुताबिक पति ने घर और परिवार से दूरी बनानी शुरू कर दी।
इसी दौरान गांव की एक युवती से उसके संबंधों की चर्चा भी शुरू हो गई। पत्नी का आरोप है कि पति अक्सर घर से बाहर रहने लगा और कई बार परिवार के साथ रहने से भी इनकार करता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे। कुछ दिन पहले नीलेश कथित प्रेमिका के साथ घर छोड़कर चला गया और तब से उसका कोई पता नहीं चल सका है।
रुचि परिहार ने बताया कि उसकी शादी को आठ साल हो चुके हैं और उनका एक छह साल का बेटा भी है। अब पति के अचानक घर छोड़कर चले जाने से वह मानसिक और आर्थिक संकट का सामना कर रही है। उसने पुलिस से पति को खोजने और मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बीडा से मिलने वाले भारी मुआवजे के बाद कई गांवों में पारिवारिक विवाद बढ़े हैं। अचानक बड़ी रकम आने से कुछ परिवारों में रिश्तों में तनाव और बंटवारे की स्थिति पैदा हो रही है।
फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि महिला की शिकायत पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और युवक की तलाश की जा रही है।
यह मामला अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इसे सिर्फ एक पारिवारिक विवाद नहीं बल्कि अचानक आई आर्थिक समृद्धि के बाद बदलते सामाजिक व्यवहार से जोड़कर भी देख रहे हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।