उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के बहसूमा थाना क्षेत्र के फिरोजपुर सैफपुर गांव में 7 वर्षीय मासूम अंगद के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपी अर्पित शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने जो खुलासा किया, उसने परिजनों और पुलिस दोनों की चिंता बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे अंगद अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और संदिग्धों की तलाश में जुट गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अर्पित शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अंगद का अपहरण किया और बाद में उसे मवाना नहर में फेंक दिया। आरोपी ने यह भी बताया कि उसने बच्चे को जान से मारने की नीयत से इस वारदात को अंजाम दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के बच्चे की मां के साथ कथित प्रेम संबंध थे। पुलिस के मुताबिक इसी वजह से आरोपी ने मासूम को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि अंगद के पिता दुबई में नौकरी करते हैं और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थे।
घटना के बाद पुलिस, पीएसी और गोताखोरों की कई टीमें मवाना नहर में लगातार सर्च अभियान चला रही हैं। बच्चे की तलाश जारी है। वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में गम और चिंता का माहौल बना हुआ है।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।