रिपोर्ट : सनी गोश्वामी | न्यूज़ टाइम नेशन, बरेली
बरेली से ब्रेकिंग न्यूज: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवगंत विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल को दी श्रद्धांजलि
बरेली। फरीदपुर से भाजपा विधायक प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली पहुंचे। सुबह लगभग 10:45 बजे मुख्यमंत्री शहर की शक्तिनगर कॉलोनी स्थित दिवंगत विधायक के आवास पर पहुंचे। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री ने परिवार से की मुलाकात
मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक की पत्नी, बेटियों और बेटे से मुलाकात कर परिवार का हाल जाना। इस दौरान उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि श्याम बिहारी लाल का निधन न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री लगभग 15 मिनट तक आवास पर रुके और इसके बाद रवाना हो गए।
आकस्मिक निधन की जानकारी
गौरतलब है कि शुक्रवार को प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक में शामिल हुए थे। बैठक के बाद भोजन के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन करीब एक घंटे बाद उनका निधन हो गया। चिकित्सकों के अनुसार मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।
क्षेत्र में शोक की लहर
विधायक के आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। हर वर्ग के लोग उन्हें एक सरल, मिलनसार नेता और जनसेवक के रूप में याद कर रहे हैं। उनके अंतिम दर्शन के लिए आवास पर लोगों का लगातार तांता लगा रहा।
अंतिम संस्कार विवरण
दिवंगत विधायक का अंतिम संस्कार शनिवार दोपहर फरीदपुर स्टेशन रोड स्थित श्मशान भूमि पर किया जाएगा। इसमें प्रदेश सरकार के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल होंगे।
वन राज्य मंत्री की प्रतिक्रिया
वन राज्य मंत्री डॉ. अरुण सक्सेना ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और श्याम बिहारी लाल के संगठन एवं समाज के प्रति योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि उनका निधन भाजपा संगठन और जनता—दोनों के लिए बड़ी क्षति है।