सरकार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहे कांग्रेस प्रत्याशी रणजीत रावत: पायलट

स्याल्दे/रानीखेत (अल्मोड़ा)। सल्ट सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि भाजपा का डबल इंजन पूरी तरह से सीज हो गया है। पूरे प्रदेश में कांग्रेस की बयार चल रही है।

स्याल्दे में आयोजित चुनावी सभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट का जोरदार स्वागत किया। सचिन पायलट को सुनने के लिए दूर दराज से ग्रामीण क्षेत्रों से लोग पहुंचे थे। सचिन पायलट ने कहा कि विधायक रहते रणजीत रावत ने भौगोलिक रूप से अत्यधिक जटिल सल्ट क्षेत्र में विकास की गंगा बहाई। दो बार यहां का प्रतिनिधित्व किया और विपक्षी भाजपाई बोल रहे हैं कि वह नौसिखिया है। पायलट केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर बरसे। बोले कि लगातार मुख्यमंत्री बदलकर भाजपा ने साबित कर दिया कि पहले के दोनों मुख्यमंत्री घोटाले और भ्रष्टाचार में लिप्त रहे। कहा कि पिछले आठ साल से केंद्र में भाजपा की सरकार है किसान की आमदनी दोगुनी क्यों नहीं, गैस का सिलिंडर एक हजार रुपये कैसे हुआ। चीन कैसे भारत की सीमा के अंदर घुस गया। कहा कि पहाड़ों में उद्योग धंधे तक नहीं लगाए गए। अब भाजपा किस मुंह से वोट मांग रही है। विधायक प्रत्याशी , स्याल्दे ब्लाक अध्यक्ष कुंवर सिंह कठायत सहित तमाम लोगों ने विचार रखे।

Exit mobile version