कुड़वार थाना क्षेत्र के सरकौड़ा गांव में वारदात, गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल
सुल्तानपुर।
सुल्तानपुर जिले के कुड़वार थाना क्षेत्र के सरकौड़ा गांव में बीती रात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अलीगंज-कुड़वार मार्ग किनारे रहने वाले शकील अंसारी के घर की दीवार फांदकर चोर अंदर घुसे और स्टोर रूम में रखे बक्से से लाखों के गहने पार कर दिए।
घटना की जानकारी सुबह तब हुई, जब घर की महिला चावल निकालने स्टोर में गई। बक्सा टूटा देख परिजनों के होश उड़ गए। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
गांव में इस वारदात के बाद दहशत और आक्रोश दोनों का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन चोरी की घटनाएँ बढ़ रही हैं और पुलिस गश्त को मजबूत किए जाने की जरूरत है।