अमेठी के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में जिलाधिकारी संजय चौहान ने निर्माणाधीन कबड्डी व जिम हॉल और 25 मीटर शूटिंग रेंज का निरीक्षण किया। गुणवत्ता, सुरक्षा और समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए सख्त निर्देश।

अमेठी। जिलाधिकारी संजय चौहान ने पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के साथ डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम, अमेठी में निर्माणाधीन कबड्डी व जिम हॉल और 25 मीटर शूटिंग रेंज का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में शीघ्र पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
स्टेडियम परिसर में कबड्डी व जिम हॉल का निर्माण PACSFED द्वारा किया जा रहा है, जबकि 25 मीटर शूटिंग रेंज का निर्माण लोक निर्माण विभाग (PWD) के माध्यम से किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने दोनों निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया, कार्य की गुणवत्ता, उपयोग में लाई जा रही सामग्री और सुरक्षा मानकों की विस्तार से समीक्षा की।
निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने शूटिंग रेंज को खिलाड़ियों की आवश्यकताओं और आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि अमेठी में शूटिंग रेंज का निर्माण स्थानीय खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। इस सुविधा के उपलब्ध होने से युवा खिलाड़ी अपने जिले में नियमित अभ्यास कर सकेंगे, जिससे उन्हें बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और वे राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
निरीक्षण के अंत में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि जनपद के खिलाड़ी शीघ्र ही इन आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
अमेठी से न्यूज़ टाइम नेशन के लिए मोहम्मद तौफीक की रिपोर्ट!