रामपुर मिशन शक्ति केंद्र की पहल से सुलझा महिला विवाद, काउंसलिंग से बचा परिवार

रामपुर के थाना गंज स्थित मिशन शक्ति केंद्र ने महिला संबंधी विवाद में अहम भूमिका निभाते हुए पति-पत्नी के बीच आपसी मतभेद सुलझाए। काउंसलिंग के बाद दोनों ने साथ रहने का संकल्प लिया।

रामपुर संवाददाता – शहबाज़ खान

रामपुर में मिशन शक्ति अभियान–5.0 के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन को सशक्त बनाने की दिशा में थाना गंज स्थित मिशन शक्ति केंद्र ने एक सराहनीय पहल की। महिला संबंधी एक गंभीर पारिवारिक विवाद में केंद्र पर तैनात उपनिरीक्षक हिमांशु सिंघल, महिला हेड कांस्टेबल 627 रीना शर्मा एवं महिला कांस्टेबल 1961 रूपा ने संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अहम भूमिका निभाई।

आवेदिका द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया था कि उसका पति आए दिन दहेज की मांग, गाली-गलौज और मारपीट कर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता है। शिकायत प्राप्त होते ही मिशन शक्ति टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों को मिशन शक्ति केंद्र, थाना गंज रामपुर पर बुलाया।

यहाँ दोनों पति-पत्नी की काउंसलिंग की गई, जिसमें आपसी मतभेदों पर विस्तार से चर्चा कर सौहार्दपूर्ण वातावरण में समाधान निकाला गया। काउंसलिंग के परिणामस्वरूप दोनों पक्षों के बीच समझौता (राजीनामा) हो गया और परिवार टूटने से बच गया। पति-पत्नी ने आपसी सहमति से साथ रहने का संकल्प लिया।

इस सकारात्मक पहल के लिए दंपति ने पुलिस एवं मिशन शक्ति केंद्र की टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। मिशन शक्ति केंद्र की यह कार्यवाही महिलाओं की सुरक्षा और पारिवारिक एकता बनाए रखने की दिशा में एक प्रभावी उदाहरण बनी है।

Khursheed Khan Raju

I am a passionate blogger. Having 10 years of dedicated blogging experience, Khurshid Khan Raju has been curating insightful content sourced from trusted platforms and websites.

Leave a Comment