जालौन के एट कोतवाली क्षेत्र में झांसी-कानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक का टायर फटने से बड़ा हादसा हुआ। ट्रक ने 4 पैदल यात्रियों को कुचल दिया, जिसमें 2 की मौके पर मौत हो गई और 2 गंभीर रूप से घायल हो गए।
जालौन संवाददाता – अली जावेद
जालौन। जनपद जालौन में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एट कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत झांसी–कानपुर हाईवे पर जखौली गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक ने हाईवे किनारे पैदल चल रहे चार लोगों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक का अचानक टायर फट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और पैदल चल रहे लोगों को रौंदते हुए हाईवे पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और झांसी–कानपुर हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायलों को तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई में भर्ती कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रक को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।