अमेठी के धनीजलालपुर गांव में 1.33 करोड़ की लागत से मुख्यमंत्री अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय का निर्माण तेज, प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक मिलेगी आधुनिक शिक्षा।
अमेठी संवाददाता – मोहम्मद तौफीक
अमेठी, 23 जनवरी। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार की महत्वाकांक्षी शिक्षा पहल के तहत जनपद अमेठी में मुख्यमंत्री अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। गौरीगंज विकास खण्ड के धनीजलालपुर गांव में स्थित इस विद्यालय पर लगभग 1.33 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। शिक्षा विभाग द्वारा कराए जा रहे इस निर्माण कार्य का अब तक करीब 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है।

यह अभ्युदय कम्पोजिट विद्यालय प्री-प्राइमरी से कक्षा 8 तक के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में यह एक अहम कदम है। अमेठी जिले में धनीजलालपुर का यह विद्यालय भी इसी योजना का हिस्सा है। निर्माण कार्य कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज, जल निगम यूनिट-29 लखनऊ द्वारा कराया जा रहा है।
जानिए, कौन-कौन सी सुविधाएं होंगी उपलब्ध
विद्यालय में छात्रों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इनमें 5 कक्षों से युक्त एकीकृत भवन, पुस्तकालय, बैडमिंटन कोर्ट, मध्यान्ह भोजन हेतु डाइनिंग शेड, दिव्यांग शौचालय, गार्ड रूम, मल्टीपल ड्रिंकिंग वाटर यूनिट, बालक एवं बालिका शौचालय, स्टाफ रूम, विज्ञान प्रयोगशाला, कंप्यूटर लैब, स्मार्ट क्लास रूम, ओपन जिम, हैंडवाशिंग यूनिट, यूटिलिटी यार्ड और खेलकूद के लिए मैदान शामिल हैं। किचन गार्डन की व्यवस्था भी की जा रही है, जिससे बच्चों को पोषण और पर्यावरण शिक्षा का लाभ मिलेगा।

बच्चों और अभिभावकों में उत्साह
विद्यालय के निर्माण को लेकर स्थानीय अभिभावकों और शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। उनका मानना है कि इस स्कूल के बन जाने से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को शहरों जैसी आधुनिक शिक्षा मिलेगी और स्कूल छोड़ने वाले बच्चों की संख्या में भी कमी आएगी।
सैकड़ों बच्चों के लिए बनेगा उम्मीद का केंद्र
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने बताया कि विद्यालय के पूर्ण होने के बाद यह क्षेत्र के सैकड़ों बच्चों के लिए शिक्षा की नई रोशनी बनेगा। वहीं कार्यदाई संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर संदीप ने बताया कि अब तक 60 प्रतिशत भौतिक प्रगति हो चुकी है और शेष कार्य भी निर्धारित समय के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।