रामपुर में उत्तर प्रदेश दिवस 2026 पर ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का सफल आयोजन, आपदा प्रबंधन तैयारियों की परख !

उत्तर प्रदेश दिवस 2026 व नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर रामपुर में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित, प्रशासन-पुलिस की आपदा प्रबंधन तैयारियों का अभ्यास।

रामपुर संवाददाता – शाहबाज खान

रामपुर। उत्तर प्रदेश दिवस–2026 एवं नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रामपुर जनपद में “ब्लैक आउट मॉक ड्रिल” का सफल आयोजन किया गया। यह मॉक ड्रिल जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्रा के नेतृत्व में सम्पन्न हुई।

शाम 6:00 बजे से आयोजित इस व्यापक मॉक ड्रिल के अंतर्गत आपदा प्रबंधन एवं नागरिक सुरक्षा की तैयारियों को परखने के लिए बिल्डिंग में आग लगने, भूकंप तथा दुश्मन के संभावित हवाई हमले जैसी आपात परिस्थितियों का अभ्यास कराया गया। यह अभ्यास तहसील सदर स्थित आवास परिसर, जिला अस्पताल तथा पुलिस लाइन परिसर में किया गया।

मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा की स्थिति में जन-धन की सुरक्षा, त्वरित राहत एवं बचाव कार्य, विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय तथा उपलब्ध संसाधनों की प्रभावशीलता का परीक्षण करना था। निर्धारित परिदृश्य के अनुसार सबसे पहले भवन में आग लगने की सूचना दी गई, जिस पर अग्निशमन दल ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया, फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की।

इसके बाद भूकंप की आपात स्थिति को दर्शाते हुए सायरन के माध्यम से रिहर्सल कराई गई। इस दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने, खुले क्षेत्रों में एकत्र होने, घबराहट से बचने और सुरक्षा मानकों का पालन करने का अभ्यास कराया गया। जिला अस्पताल में संभावित घायलों के उपचार, आपात चिकित्सा सेवाओं और एंबुलेंस व्यवस्था की तत्परता का भी परीक्षण किया गया।

दुश्मन के हवाई हमले की आशंका के परिदृश्य में सायरन बजाकर ब्लैक आउट की स्थिति उत्पन्न की गई। नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर रहने, अनावश्यक प्रकाश स्रोत बंद रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का अभ्यास कराया गया। साथ ही वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था के माध्यम से आवश्यक सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित की गई।

मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र की घेराबंदी, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने का अभ्यास किया गया। प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन इकाई सहित सभी संबंधित विभागों ने आपसी समन्वय के साथ सक्रिय सहभागिता निभाई। अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित रहकर पूरे अभ्यास की निगरानी की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने कहा कि ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का उद्देश्य जनपद की आपदा प्रबंधन योजना और मानक संचालन प्रक्रिया की समीक्षा करना, विभागीय तैयारियों को परखना तथा विभिन्न हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। यह अभ्यास आमजन में आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और वास्तविक आपात परिस्थितियों में त्वरित व संगठित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है।

पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्रा ने कहा कि इस मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा पुलिस और संबंधित विभागों की तत्परता, समन्वय और जनसहयोग की क्षमता को परखना है।

कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Khursheed Khan Raju

I am a passionate blogger. Having 10 years of dedicated blogging experience, Khurshid Khan Raju has been curating insightful content sourced from trusted platforms and websites.

Leave a Comment