अमेठी के जगदीशपुर ब्लॉक निवासी मोहम्मद हारुन को दुबई में कार्यकुशलता और ईमानदारी के लिए सम्मानित किया गया। 16 वर्षों से विदेश में रहकर देश का नाम रोशन।
अमेठी संवाददाता – मोहम्मद तौफीक
अमेठी। जनपद के जगदीशपुर ब्लॉक अंतर्गत सिरियारी व कोयलारा गांव निवासी मोहम्मद हारुन को दुबई में उनके उत्कृष्ट कार्य, ईमानदारी और अनुशासित व्यवहार के लिए सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें उस कंपनी द्वारा दिया गया, जहां वे पिछले लगभग 16 वर्षों से कार्यरत हैं।

मोहम्मद हारुन दुबई स्थित प्रिंस होटल में कार्यरत रहे हैं। एक सामान्य कर्मचारी के रूप में उन्होंने अपनी मेहनत, अच्छा कार्य व्यवहार और ईमानदारी से अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी कार्य क्षमता और अनुकरणीय आचरण को देखते हुए कंपनी ने 200 कर्मचारियों में उन्हें दूसरा स्थान देकर सम्मानित किया।
मोहम्मद हारुन के सम्मानित होने की खबर जैसे ही क्षेत्र में पहुंची, सिरियारी, कोयलारा सहित आसपास के गांवों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने इसे पूरे क्षेत्र और देश के लिए गर्व का विषय बताया।
बताया जाता है कि मोहम्मद हारुन विदेश में रहते हुए भी अपने क्षेत्र से जुड़े हुए हैं और समाज सेवा में निरंतर सक्रिय रहते हैं। कोरोना काल से लेकर अब तक उन्होंने गरीबों और जरूरतमंदों की विभिन्न तरीकों से मदद की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मोहम्मद हारुन का सम्मानित होना न केवल परिवार बल्कि पूरे अमेठी जनपद के लिए गौरव की बात है, क्योंकि वे विदेश में रहकर भी देश और समाज का नाम रोशन कर रहे हैं।