अमेठी में “आपरेशन रक्षा” के तहत बड़ी कार्यवाई, बाल श्रम से 07 नाबालिग कराए गए मुक्त !

अमेठी में आपरेशन रक्षा अभियान के तहत प्रशासन की सघन छापेमारी, जायस, मोहनगंज और तिलोई से 7 नाबालिग बाल श्रम से मुक्त, अभिभावकों को दी सख्त हिदायत।

अमेठी संवाददाता – मोहम्मद तौफीक

अमेठी। शासन के निर्देशानुसार बच्चों के दुर्व्यापार एवं बाल श्रम से संबंधित अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से जनपद अमेठी में “आपरेशन रक्षा” अभियान दिनांक 16 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 24 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी संजय चौहान के निर्देश पर उपजिलाधिकारी/प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी सात्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रशासन द्वारा सघन छापेमारी एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया।

इस संयुक्त अभियान में पुलिस विभाग, बाल कल्याण समिति एवं चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम शामिल रही। टीम द्वारा जायस, मोहनगंज एवं तिलोई बाजार/कस्बा क्षेत्रों में विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं दुकानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नाबालिग बालक एवं बालिकाओं से कार्य कराए जाने के मामले सामने आए।

छापेमारी के दौरान 03 बालिकाएं एवं 04 बालक, कुल 07 नाबालिग, बाल श्रम में लिप्त पाए गए, जिन्हें तत्काल प्रभाव से बाल श्रम से मुक्त कराया गया। मौके पर उपस्थित बच्चों के माता-पिता को बाल श्रम न कराने के संबंध में विस्तार से समझाया गया। अभिभावकों ने भविष्य में बच्चों से बाल श्रम न कराने का संकल्प लिया तथा उन्हें नियमित शिक्षा दिलाने का आश्वासन दिया।

साथ ही संबंधित प्रतिष्ठान स्वामियों को सख्त चेतावनी दी गई कि यदि भविष्य में बाल मजदूरी कराते पाए गए तो उनके विरुद्ध बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के अंतर्गत कठोर वैधानिक कार्यवाई की जाएगी।

इस अभियान में बाल कल्याण समिति अमेठी के अध्यक्ष एवं सदस्य, संबंधित थानों की पुलिस टीम, मानव तस्करी रोधक इकाई (AHTU) तथा चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) अमेठी की टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बाल श्रम के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Khursheed Khan Raju

I am a passionate blogger. Having 10 years of dedicated blogging experience, Khurshid Khan Raju has been curating insightful content sourced from trusted platforms and websites.

Leave a Comment