अमेठी में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस–2026 का भव्य आयोजन, “विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत” थीम पर कार्यक्रम सम्पन्न !

अमेठी के गौरीगंज स्थित डीपीआरसी में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस–2026 का भव्य आयोजन, प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने किया शुभारंभ, योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र व आयुष्मान कार्ड वितरित।

अमेठी संवाददाता – मोहम्मद तौफीक

अमेठी। जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर (डीपीआरसी) गौरीगंज के प्रांगण में “विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत” थीम पर उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस–2026 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय राज्य मंत्री खाद्य एवं रसद विभाग/जनपद प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान माननीय प्रभारी मंत्री ने जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला सहित अन्य अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टालों का निरीक्षण किया। डीपीआरसी परिसर में बाल विकास, महिला कल्याण, मिशन शक्ति, उद्योग, सूचना, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, एनआरएलएम सहित कई विभागों द्वारा स्टाल लगाए गए, जिनका भारी संख्या में आए जनसामान्य ने अवलोकन किया।

इसके उपरांत डीपीआरसी सभागार में लखनऊ स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल से माननीय गृहमंत्री एवं माननीय मुख्यमंत्री द्वारा उत्तर प्रदेश दिवस–2026 के शुभारंभ का सजीव प्रसारण दिखाया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आम नागरिकों ने देखा।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत 05 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। संस्कृति उत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद स्तर पर चयनित 12 विजेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। श्रम विभाग के अंतर्गत 05 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र, पंचायती राज विभाग के 16 उत्कृष्ट कर्मचारियों, खेल विभाग के 11 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। उद्योग विभाग द्वारा सीएम युवा योजना के अंतर्गत 02 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र एवं 03 लाभार्थियों को टूलकिट प्रदान की गई।

इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। प्रभारी मंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने सभी को उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 24 जनवरी 1950 को उत्तर प्रदेश को संवैधानिक दर्जा मिला और तब से यह प्रदेश देश की राजनीति, संस्कृति और विकास में केंद्रीय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश आज एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज, अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, स्टार्टअप, स्वरोजगार, किसान कल्याण एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में नई ऊँचाइयों को छू रहा है।

जिलाधिकारी संजय चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस प्रदेश के गौरवशाली इतिहास और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँच रही हैं और शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग एवं रोजगार के क्षेत्र में प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में माननीय प्रभारी मंत्री द्वारा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

Khursheed Khan Raju

I am a passionate blogger. Having 10 years of dedicated blogging experience, Khurshid Khan Raju has been curating insightful content sourced from trusted platforms and websites.

Leave a Comment