अमेठी जिले में गर्भवती महिलाओं को बड़ी सौगात। जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम व प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 15 निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर अब निशुल्क जांच की सुविधा शुरू।
अमेठी संवाददाता – मोहम्मद तौफीक
अमेठी। जनपद की गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य विभाग ने एक बड़ी राहत भरी पहल की है। अब गर्भवती महिलाएं जिले के चयनित निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर निशुल्क अल्ट्रासाउंड जांच करा सकेंगी। यह सुविधा जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम एवं प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए अमेठी जिले के कुल 15 निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों को योजना से जोड़ा गया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रत्येक माह की 1, 9, 16 और 24 तारीख को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया जाता है। इन तिथियों पर गर्भवती महिलाओं को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श और जांच की सुविधा दी जाती है। अब निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों को भी इस योजना में शामिल किए जाने से महिलाओं को समय पर और आसानी से जांच की सुविधा मिल सकेगी।
ई-रूपी वाउचर से होगी भुगतान प्रक्रिया
निशुल्क अल्ट्रासाउंड जांच की भुगतान प्रक्रिया को पारदर्शी और सरल बनाने के लिए ई-रूपी वाउचर सिस्टम लागू किया गया है। इस व्यवस्था के तहत लाभार्थी गर्भवती महिला को किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि 1 फरवरी 2026 से जिले के 15 निजी अल्ट्रासाउंड केंद्रों को इस योजना से जोड़ा गया है, ताकि अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं को इसका लाभ मिल सके और मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।

क्यूआर कोड आधारित होगा वाउचर
नोडल अधिकारी एवं एसीएमओ ने जानकारी दी कि ई-रूपी वाउचर क्यूआर कोड आधारित प्रीपेड वाउचर होता है, जिसमें गर्भवती महिला का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज किया जाता है। वाउचर जनरेट होने के बाद महिला के मोबाइल पर एक लिंक भेजा जाता है। इसी लिंक के माध्यम से वह सूचीबद्ध किसी भी निजी अल्ट्रासाउंड केंद्र पर जाकर निशुल्क अल्ट्रासाउंड जांच करा सकती है।
स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से जनपद में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी और गर्भवती महिलाओं को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
अमेठी जिले के चयनित 15 निजी अल्ट्रासाउंड केंद्र
- ओम साईं हॉस्पिटल एवं मैटरनिटी सेंटर, सत्य साईं नगर, गौरीगंज
- जीवन डायग्नोस्टिक सेंटर, सिंहपुर
- मेडिकेयर डायग्नोस्टिक सेंटर, प्रतापगढ़ रोड, अमेठी
- कृष्णा नर्सिंग होम, सेक्टर-5 इंडस्ट्रियल एरिया, जगदीशपुर
- श्रीराम अल्ट्रासाउंड सेंटर, जगदीशपुर
- जसीम डायग्नोस्टिक सेंटर, जगदीशपुर
- अल्ट्राकेयर सेंटर, मुसाफिरखाना
- न्यू अपेक्स डायग्नोस्टिक सेंटर, जगदीशपुर
- अपेक्स डायग्नोस्टिक सेंटर, मुसाफिरखाना
- अपोलो डायग्नोस्टिक सेंटर, फुरसतगंज
- निखिल अल्ट्रासाउंड सेंटर, एचएएल रोड, मुंशीगंज
- एसएन हॉस्पिटल, जामों
- रामगंज डायग्नोस्टिक सेंटर, रामगंज, भादर
- तेजस अल्ट्रासाउंड सेंटर, गौरीगंज
- संध्या अल्ट्रासाउंड सेंटर, गौरीगंज