रामपुर में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर विकास भवन परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। राज्य सूचना आयुक्त सुधीर कुमार सिंह सहित जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया और लाभार्थियों को सम्मानित किया।
रामपुर संवाददाता – शाहबाज़ खान
रामपुर। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद रामपुर में विकास भवन परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ राज्य सूचना आयुक्त सुधीर कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं भाजपा जिला अध्यक्ष हरीश गंगवार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया गया तथा विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से योजनाओं की प्रगति और लाभार्थियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई।
कार्यक्रम के दौरान विकास भवन सभागार में राष्ट्र प्रेरणा स्थल, लखनऊ से माननीय गृह मंत्री एवं मुख्यमंत्री के उद्बोधन का सजीव प्रसारण देखा गया। साथ ही जनपद में संचालित विकास कार्यों पर आधारित डाक्यूमेंट्री का भी प्रदर्शन किया गया।

राज्य सूचना आयुक्त सुधीर कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 से स्थापना दिवस का आयोजन किया जा रहा है और इसी वर्ष “एक जनपद–एक उत्पाद” की परिकल्पना शुरू हुई थी, जो आज देशभर में सफलतापूर्वक लागू है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 से “एक जनपद–एक व्यंजन” योजना का शुभारम्भ किया गया है, जिससे प्रत्येक जनपद को अपनी विशिष्ट पहचान मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कानून-व्यवस्था, निवेश और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और उद्योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” की परिकल्पना को साकार करने में प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम के दौरान उद्योग विभाग द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले 5 उद्यमियों — अर्जित गर्ग (मैसर्स नीरू मेंथाल), नरेश सिंघल (मैसर्स होटल ओपल एवं यूपी-22), व्योम वार्ष्णेय (मैसर्स ईको ऑर्गेनिक), श्रीष गुप्ता (मैसर्स रेडियन्स पार्क) एवं अनिल राठौर (मैसर्स इंडियन टोनर्स) को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत प्रीति मुरसैना को कम्प्यूटर सेंटर की स्थापना हेतु तथा अमर पाल पनवड़िया को इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक रिपेयरिंग उद्योग के लिए 2-2 लाख रुपये का ऋण प्रदान किया गया। वहीं संजय कुमार निवासी मिलक को फूड रेस्टोरेंट की स्थापना हेतु 5 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया।

विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत 12 लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गई। कृषि विभाग द्वारा 4 कृषकों को नवाचार हेतु प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। युवा कल्याण विभाग द्वारा 8 खिलाड़ियों को खेल किट वितरित की गई। एनआरएलएम विभाग द्वारा 5 लाभार्थियों, पशुपालन विभाग द्वारा उत्कृष्ट पशुपालकों, खादी ग्रामोद्योग विभाग द्वारा 6 ग्राम प्रधानों तथा स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 8 आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। श्रम विभाग की योजनाओं के अंतर्गत 7 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि जनपद में शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि विकास कार्यों की रैंकिंग में रामपुर मंडल स्तर पर प्रथम तथा प्रदेश स्तर पर 8वें स्थान पर है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चन्द्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. दीपा सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।