अमेठी में गणतंत्र दिवस के अवसर पर महिला कल्याण विभाग व चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा चिकित्सा परिसर में कन्या जन्म उत्सव का आयोजन कर बेटियों के जन्म पर अभिभावकों को बेबी किट, प्रशस्ति पत्र व मिठाई देकर सम्मानित किया गया।
अमेठी संवाददाता – मोहम्मद तौफीक
अमेठी। गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने चिकित्सा परिसर में पहुंचकर कन्या जन्म उत्सव का आयोजन किया। इस दौरान बेटियों के जन्म पर दंपतियों को बेबी किट, प्रशस्ति पत्र और मिठाई देकर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम के माध्यम से बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाते हुए समाज में सकारात्मक संदेश दिया गया। चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि महिला कल्याण विभाग द्वारा कन्या भ्रूण हत्या को रोकने और बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से लगातार कन्या जन्म उत्सव आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत नवजात बालिकाओं के अभिभावकों को सम्मानित कर “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का संदेश दिया जाता है, ताकि समाज में बेटियों को समान अधिकार और सम्मान मिल सके।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम से लोगों में जागरूकता बढ़ी और बालिकाओं के प्रति सकारात्मक माहौल देखने को मिला।