कालिकन मंदिर के पुजारी हरिकृष्ण मिश्रा की सड़क दुर्घटना में मौत, संग्रामपुर में शोक की लहर !

अमेठी के संग्रामपुर थाना क्षेत्र में कालिकन मंदिर के पुजारी हरिकृष्ण मिश्रा की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत, आवारा कुत्ते से टकराकर हुआ हादसा।

अमेठी संवाददाता – मोहम्मद तौफीक

अमेठी।
थाना संग्रामपुर क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। संग्रामपुर निवासी एवं कालिकन मंदिर के पुजारी हरिकृष्ण मिश्रा (45 वर्ष) की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान शुक्रवार की रात करीब 11 बजे मौत हो गई। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरिकृष्ण मिश्रा कालिकन–चंद्रिकन मार्ग से मोटरसाइकिल द्वारा अपने घर संग्रामपुर लौट रहे थे। जैसे ही वे खरेथू मोड़, मजरा नेवादा कनू के पास पहुंचे, अचानक उनकी मोटरसाइकिल के सामने एक आवारा कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई और घटनास्थल पर ही काफी खून बह गया।

रास्ते से गुजर रहे एक राहगीर ने तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस को सूचना दी। घायल हरिकृष्ण मिश्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें निजी साधन से प्रतापगढ़ ले गए, लेकिन वहां भी इलाज संभव न होने पर प्रयागराज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

हरिकृष्ण मिश्रा कालिकन धाम में पुजारी थे और मंदिर परिसर में प्रसाद की दुकान चलाकर अपने परिवार की आजीविका का निर्वाह करते थे। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और क्षेत्र के लोग गहरे शोक में डूबे हुए हैं।

Khursheed Khan Raju

I am a passionate blogger. Having 10 years of dedicated blogging experience, Khurshid Khan Raju has been curating insightful content sourced from trusted platforms and websites.

Leave a Comment