सुलतानपुर एसपी चारू निगम ने थाना मोतिगरपुर का औचक निरीक्षण किया। महिला हेल्प डेस्क, मैस और अभिलेखों की जांच कर अपराधियों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए!
सुलतानपुर ब्यूरो। पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर श्रीमती चारू निगम ने कानून-व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से थाना मोतिगरपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की विभिन्न इकाइयों की कार्यप्रणाली को बारीकी से परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए!

महिला हेल्प डेस्क और जनसुनवाई पर जोर निरीक्षण के दौरान एसपी ने सबसे पहले महिला हेल्प डेस्क का अवलोकन किया। उन्होंने पीड़िता की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और फीडबैक प्रक्रिया की समीक्षा की। ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत उन्होंने महिला पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि वे महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करें और प्राप्त शिकायतों पर निष्पक्ष व प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें!
अपराधियों और माफियाओं के विरुद्ध कठोर रुख एसपी महोदया ने थाने के टॉप-10 अपराधियों और हिस्ट्रीशीटर्स की निगरानी की स्थिति जांची। उन्होंने शराब, खनन और भू-माफियाओं के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोरतम कार्यवाही करने के निर्देश दिए। अपराध रजिस्टर और त्योहार रजिस्टर के अवलोकन के साथ-साथ परिसर में खड़े लावारिस वाहनों के शीघ्र कानूनी निस्तारण हेतु भी निर्देशित किया!

स्वच्छता और पुलिस कल्याण पुलिसकर्मियों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए एसपी ने मैस में भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की। उन्होंने थाना प्रभारी व स्टाफ का कुशलक्षेम जाना। थाने आने वाले आगंतुकों के लिए पेयजल, स्वच्छ वातावरण और प्रसाधन की समुचित व्यवस्था बनाए रखने को कहा। साथ ही परिसर में वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाने हेतु क्षेत्राधिकारी व प्रभारी निरीक्षक को कड़े निर्देश दिए!