16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर अमेठी में वृहद जन जागरूकता कार्यक्रम, बाइक रैली व सम्मान समारोह आयोजित !

अमेठी में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी संजय चौहान के नेतृत्व में बाइक रैली, रंगोली, नुक्कड़ नाटक, बीएलओ सम्मान, नए मतदाताओं को ईपिक कार्ड वितरण व वरिष्ठ मतदाताओं का सम्मान किया गया।

अमेठी संवाददाता – मोहम्मद तौफीक

अमेठी। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद अमेठी में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वृहद जन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनपद के प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी संजय चौहान द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर से मतदाता जागरूकता के लिए निकाली गई बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रैली के शुभारंभ के दौरान जिलाधिकारी ने गुब्बारे एवं शांति के प्रतीक कबूतर उड़ाकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया।

इसके उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की शिक्षिकाओं और छात्राओं द्वारा स्वागत गीत, मतदाता जागरूकता गीत एवं नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए गए, जिनके माध्यम से आमजन को अपने मताधिकार के प्रयोग हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही मतदाता जागरूकता को लेकर आकर्षक रंगोली बनाई गई तथा पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन कर लोकतांत्रिक सहभागिता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जनपद में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं पहली बार मतदाता बने युवाओं को ईपिक कार्ड वितरित किए गए तथा वरिष्ठ मतदाताओं को अंग वस्त्र एवं पुष्प भेंट कर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी संजय चौहान ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का वोट देश के भविष्य की नींव रखता है और सभी मतदाताओं को बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पित गुप्ता, उपजिलाधिकारी गौरीगंज प्रीति तिवारी, डिप्टी कलेक्टर सात्विक श्रीवास्तव, नीतेश राज, बीएसए संजय तिवारी, डीआईओएस डॉ. राजेश द्विवेदी, स्वीप आइकॉन रुचि सिंह सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में जन सामान्य उपस्थित रहे।

Khursheed Khan Raju

I am a passionate blogger. Having 10 years of dedicated blogging experience, Khurshid Khan Raju has been curating insightful content sourced from trusted platforms and websites.

Leave a Comment