अमेठी में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ संपन्न, कलेक्ट्रेट व पुलिस लाइन में हुए मुख्य कार्यक्रम !

अमेठी जनपद में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। कलेक्ट्रेट व पुलिस लाइन में ध्वजारोहण, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों का सम्मान किया गया।

अमेठी संवाददाता – मोहम्मद तौफीक

अमेठी। 77वां गणतंत्र दिवस पूरे जनपद में बड़े हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिले के समस्त सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों, शैक्षिक संस्थानों में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। गणतंत्र दिवस के मुख्य कार्यक्रम कलेक्ट्रेट परिसर एवं पुलिस लाइन अमेठी में संपन्न हुए।

कलेक्ट्रेट परिसर में प्रातः 08:30 बजे जिलाधिकारी संजय चौहान द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान हुआ तथा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों को संविधान में उल्लिखित संकल्प की सामूहिक शपथ दिलाई गई। इसके पश्चात विभिन्न विद्यालयों के बच्चों एवं एनसीसी कैडेट्स द्वारा परेड प्रस्तुत की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गोष्ठी के दौरान छात्राओं ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी संजय चौहान ने 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारत एक लोकतांत्रिक गणराज्य बना और इसी दिन संविधान अंगीकृत हुआ। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा संविधान है, जो सभी नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता और समान अवसर प्रदान करता है। उन्होंने सभी से संविधान के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने, अपने दायित्वों का निष्ठा व ईमानदारी से निर्वहन करने तथा देश में सद्भाव, भाईचारे और शांति बनाए रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों अशोक कुमार द्विवेदी, राजेश कुमार सिंह, परमानंद मिश्रा, संजय सिंह एवं श्याम सुंदर गुप्ता को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सराहनीय कार्य करने वाले आपदा मित्र शिवलाल शुक्ला एवं आरती को प्रशस्ति पत्र व अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इसके उपरांत प्रातः 09:30 बजे पुलिस लाइन अमेठी में माननीय राज्यमंत्री संसदीय कार्य, चिकित्सा शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं मातृ एवं शिशु कल्याण विभाग उत्तर प्रदेश श्री मयंकेश्वर शरण सिंह द्वारा ध्वजारोहण किया गया तथा भव्य परेड की सलामी ली गई। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के नेतृत्व में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस लाइन में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

विकास भवन परिसर में मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह द्वारा ध्वजारोहण किया गया तथा राष्ट्रगान के उपरांत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय सहित पूरे जनपद में विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें छात्र-छात्राओं एवं युवा वर्ग ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Khursheed Khan Raju

I am a passionate blogger. Having 10 years of dedicated blogging experience, Khurshid Khan Raju has been curating insightful content sourced from trusted platforms and websites.

Leave a Comment