अमेठी में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक, DM ने क्रीमि मुक्ति व टीबी उन्मूलन पर दिए निर्देश !

अमेठी जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। क्रीमि मुक्ति, टीबी उन्मूलन और आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।

अमेठी संवाददाता – मोहम्मद तौफीक

अमेठी।
जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में गुरुवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, राष्ट्रीय क्रीमि मुक्ति कार्यक्रम तथा राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि राष्ट्रीय क्रीमि मुक्ति कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद में 10 फरवरी से किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन, शत-प्रतिशत कवरेज एवं सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों एवं लक्षित वर्ग तक दवाओं की उपलब्धता और जागरूकता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

इसके साथ ही राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत टीबी मरीजों की पहचान, समयबद्ध उपचार, नियमित फॉलोअप एवं पोषण सहायता की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि टीबी मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा सभी मामलों में समय पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड निर्माण, टीबी एवं कैंसर रोगियों के चिन्हीकरण हेतु एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर स्क्रीनिंग करेंगे तथा पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने अभियान को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ संचालित करने तथा अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सार्थक होगा जब अंतिम व्यक्ति तक सुविधाएं पहुंचें।

Khursheed Khan Raju

I am a passionate blogger. Having 10 years of dedicated blogging experience, Khurshid Khan Raju has been curating insightful content sourced from trusted platforms and websites.

Leave a Comment