अमेठी कलेक्ट्रेट का DM ने किया आकस्मिक निरीक्षण, जनसुविधाओं व ई-ऑफिस पर दिया जोर !

अमेठी जिलाधिकारी संजय चौहान ने कलेक्ट्रेट का आकस्मिक व गहन निरीक्षण किया। कार्यालयीय व्यवस्थाओं, जनसुविधाओं और ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए।

अमेठी संवाददाता – मोहम्मद तौफीक

अमेठी।
जिलाधिकारी संजय चौहान ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर का आकस्मिक एवं गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट के सभी पटलों, कार्यालय कक्षों तथा अभिलेखों के रख-रखाव का बारीकी से अवलोकन किया और आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही जनसुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की।

निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने प्रत्येक पटल पर लंबित एवं निस्तारित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए फाइलों के निस्तारण की प्रगति और कर्मचारियों की उपस्थिति की भी जांच की। उन्होंने कार्यालयीय कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध निस्तारण को अनिवार्य बताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित फायर एक्सटिंग्यूशर, आरओ वाटर कूलर, शौचालय, प्रतीक्षालय तथा साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि पेयजल की व्यवस्था हर समय सुचारु रहे, आरओ वाटर कूलर नियमित रूप से साफ एवं क्रियाशील रखे जाएं तथा आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी कार्यालयों में कार्य विभाजन स्पष्ट करने, कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाएं पूर्ण एवं अद्यतन रखने तथा समस्त कार्यालयीय कार्यों को ई-ऑफिस प्रणाली के माध्यम से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सभी देयकों का भुगतान उसी दिन सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि कलेक्ट्रेट आमजन से सीधे जुड़ा हुआ कार्यालय है, इसलिए यहां की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, पारदर्शी और जनहितकारी होनी चाहिए। उन्होंने निरीक्षण में पाई गई कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश देते हुए सभी कर्मचारियों से कर्तव्यों के शत-प्रतिशत अनुपालन की अपेक्षा जताई।

Khursheed Khan Raju

I am a passionate blogger. Having 10 years of dedicated blogging experience, Khurshid Khan Raju has been curating insightful content sourced from trusted platforms and websites.

Leave a Comment