अमेठी में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में उद्योग बंधु व औद्योगिक सुरक्षा फोरम की बैठक, उद्यमियों की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश !

अमेठी कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संजय चौहान ने जिला उद्योग बंधु, औद्योगिक/व्यापारिक सुरक्षा फोरम, एमओयू क्रियान्वयन समिति व मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा बैठक की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अमेठी संवाददाता – मोहम्मद तौफीक

अमेठी। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में जिला उद्योग बन्धु एवं औद्योगिक/व्यापारिक सुरक्षा फोरम, एम0ओ0यू0 क्रियान्वयन समिति तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की जिला प्रबंधन इकाई की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं, उद्यमियों की समस्याओं तथा निवेश से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने उद्योग एवं व्यापारिक बन्धुओं से प्राप्त सभी प्रकरणों को संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान औद्योगिक क्षेत्र त्रिसुंडी में पुलिस चौकी स्थापना, उतेलवा औद्योगिक क्षेत्र में आवंटित भूखंडों पर कब्जा दिलाने, जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र में टूटी नालियों के पुनर्निर्माण एवं साफ-सफाई, अनाधिकृत कब्जों को हटाने, पार्किंग व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनापत्ति, विद्युत कनेक्शन सहित उद्यमियों से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके उपरांत निवेश मित्र पोर्टल पर निर्धारित समय से लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई और अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कर निवेशकों को राहत प्रदान की जाए। बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना तथा एक जनपद एक उत्पाद योजना की भी समीक्षा की गई और निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष लक्ष्य पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

एमओयू के क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि उद्योग स्थापना में यदि किसी भी उद्यमी को किसी विभाग से समस्या आ रही हो तो समिति को अवगत कराएं, ताकि प्राथमिकता के आधार पर उसका समाधान कराया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि उद्यमियों की समस्याओं का निराकरण संबंधित अधिकारी गंभीरता से करें और उनकी सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केन्द्र दिनेश कुमार चौरसिया ने किया तथा अंत में सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Khursheed Khan Raju

I am a passionate blogger. Having 10 years of dedicated blogging experience, Khurshid Khan Raju has been curating insightful content sourced from trusted platforms and websites.

Leave a Comment