अमेठी के एकीकृत न्यायालय परिसर का शिलान्यास चंदौली से वर्चुअल माध्यम द्वारा किया गया। कार्यक्रम में उच्चतम न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल रहे।
अमेठी संवाददाता – मोहम्मद तौफीक
अमेठी जनपद के लिए न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अमेठी के एकीकृत न्यायालय परिसर का शिलान्यास जनपद चंदौली से वर्चुअल माध्यम द्वारा उच्चतम न्यायालय के माननीय मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत एवं उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया।


इस ऐतिहासिक अवसर का तहसील गौरीगंज स्थित एनआईसी केंद्र में लाइव प्रसारण किया गया, जहां प्रशासनिक एवं न्यायिक अधिकारियों सहित अधिवक्ताओं ने कार्यक्रम को देखा। कार्यक्रम में जनपद अमेठी के विशेष कार्याधिकारी/जिला जज राम मिलन सिंह, जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक, मुख्य विकास अधिकारी सचिन कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि एकीकृत न्यायालय परिसर के निर्माण से जनपद अमेठी को शीघ्र ही दीवानी न्यायालय के रूप में जिला स्तर का लाभ प्राप्त होगा, जिससे न्यायिक कार्यों में गति आएगी और आम जनमानस को न्याय सुलभ हो सकेगा। यह परियोजना अमेठी के न्यायिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी।