अमेठी में “आपरेशन रक्षा” के तहत सघन अभियान, बाल श्रम से 03 नाबालिग मुक्त !

अमेठी में “आपरेशन रक्षा” अभियान के तहत प्रशासन ने सघन छापेमारी कर बाल श्रम में लिप्त 03 नाबालिगों को मुक्त कराया। जिलाधिकारी के निर्देश पर चली संयुक्त कार्यवाही में अभिभावकों व प्रतिष्ठान मालिकों को कड़ी चेतावनी दी गई।

अमेठी संवाददाता – मोहम्मद तौफीक

अमेठी। शासन के निर्देशानुसार बच्चों के दुर्व्यापार एवं बाल श्रम से जुड़े अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से जनपद अमेठी में “आपरेशन रक्षा” अभियान दिनांक 16 जनवरी 2026 से 30 जनवरी 2026 तक संचालित किया जा रहा है।

इसी क्रम में 29 जनवरी 2026 को जिलाधिकारी संजय चौहान के निर्देशानुसार एवं उपजिलाधिकारी/प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री सात्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया।

इस संयुक्त टीम में पुलिस विभाग, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, मानव तस्करी रोधक इकाई (एएचटीयू) तथा चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) की टीम शामिल रही। अभियान के दौरान मुसाफिरखाना कस्बे में निरीक्षण किया गया, जहां कुछ प्रतिष्ठानों पर नाबालिग बालक एवं बालिकाओं से कार्य कराए जाने का मामला सामने आया।

छापेमारी के दौरान 02 नाबालिग बालिकाएं एवं 01 नाबालिग बालक को बाल श्रम से मुक्त कराया गया। मौके पर उपस्थित टीम ने बच्चों के अभिभावकों को कड़ी चेतावनी देते हुए उन्हें बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। अभिभावकों ने भविष्य में बाल श्रम न कराने का संकल्प भी लिया।

वहीं संबंधित प्रतिष्ठान मालिकों को भी सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में बाल मजदूरी कराते पाए जाने पर उनके विरुद्ध बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कठोर वैधानिक कार्यवाई की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बाल श्रम के विरुद्ध इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Khursheed Khan Raju

I am a passionate blogger. Having 10 years of dedicated blogging experience, Khurshid Khan Raju has been curating insightful content sourced from trusted platforms and websites.

Leave a Comment