अमेठी के संग्रामपुर ब्लॉक में सहजीपुर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पर सफाईकर्मी से गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार का आरोप लगा है। पंचायती राज सफाई ब्लॉक संघ ने एडीओ को ज्ञापन सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की।
अमेठी संवाददाता – मोहम्मद तौफीक
अमेठी। जनपद के विकास खंड संग्रामपुर अंतर्गत ग्राम सभा सहजीपुर में तैनात सफाईकर्मी के साथ कथित अभद्रता एवं गाली-गलौज का मामला सामने आया है। इस संबंध में पंचायती राज सफाई ब्लॉक संघ, संग्रामपुर द्वारा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) लाल शशिकांत सिंह को ज्ञापन सौंपकर दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है। सफाईकर्मी विनोद कुमार ने आरोप लगाया है कि सहजीपुर के प्रधान प्रतिनिधि शिव प्रकाश यादव उर्फ बबलू यादव ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्र व्यवहार किया।

पीड़ित सफाईकर्मी विनोद कुमार ने बताया कि विभागीय आदेश के अनुसार उनका स्थानांतरण ब्लॉक संग्रामपुर में हुआ था और गुरुवार को वह ग्राम सभा सहजीपुर में साफ-सफाई कार्य के लिए गए थे। इसी दौरान प्रधान प्रतिनिधि द्वारा उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। मामले को लेकर पंचायती राज सफाई ब्लॉक संघ के अध्यक्ष हरिश्चंद्र गुप्ता ने कहा कि सफाईकर्मियों का कार्य गांव को स्वच्छ रखना है और वे विभागीय निर्देशों का पालन करते हैं, ऐसे में इस प्रकार का व्यवहार निंदनीय है।
संघ द्वारा इस पूरे मामले की लिखित शिकायत थाना संग्रामपुर में भी दी गई है। सफाई संघ ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी प्रधान प्रतिनिधि के विरुद्ध सख्त कार्यवाई की जाए, ताकि भविष्य में सफाईकर्मियों के साथ इस प्रकार की घटनाएं न हों।