वोटर लिस्ट घोटाले का आरोप: अमेठी में BJP ने DM को सौंपा ज्ञापन, कांग्रेस पर गंभीर हमले !

अमेठी में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर BJP ने कांग्रेस पर फर्जी नाम जोड़ने और वोट कटवाने का आरोप लगाया। जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला के नेतृत्व में DM को ज्ञापन सौंपा गया।

अमेठी संवाददाता – मोहम्मद तौफीक

अमेठी।
जनपद अमेठी में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी अमेठी इकाई ने कांग्रेस पार्टी पर बड़े पैमाने पर धांधली करने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। भाजपा का कहना है कि कांग्रेस फर्जी तरीके से नाम जुड़वाने और दलित, पिछड़ा एवं सामान्य वर्ग के वास्तविक मतदाताओं के नाम कटवाने की साजिश कर रही है।

इसी मुद्दे को लेकर भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला के नेतृत्व में गौरीगंज स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचा और जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की।

भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास लोकतंत्र को कमजोर करने, बूथ कैप्चरिंग और फर्जी मतदान कराने से जुड़ा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता पर भरोसा न होने के कारण कांग्रेस हर चुनाव में वोट चोरी का सहारा लेती है।

उन्होंने 2014 के लोकसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय भी अमेठी के कई बूथों पर फर्जी मतदान कराकर चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया गया था।

भाजपा ने 4 फरवरी 2026 की एक घटना का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि ग्राम ठेंगहा के बूथ संख्या 207 और 208 पर कांग्रेस जिला सचिव राकेश कुमार मौर्य एवं उनकी पत्नी द्वारा मतदाता पुनरीक्षण अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं को डराया-धमकाया गया और फॉर्म भरने से रोका गया। विरोध करने पर दोनों मौके से फरार हो गए। भाजपा का यह भी आरोप है कि बाद में कांग्रेस नेता ने भाजपा जिला अध्यक्ष को झूठे मुकदमे में फंसाने की नीयत से प्रशासन को मनगढ़ंत शिकायत दी।

सुधांशु शुक्ला ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो भाजपा लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क पर उतरने से पीछे नहीं हटेगी। भाजपा ने चुनाव आयोग, मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी अमेठी से मामले की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों पर कड़ी कार्यवाई और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की है।

Khursheed Khan Raju

I am a passionate blogger. Having 10 years of dedicated blogging experience, Khurshid Khan Raju has been curating insightful content sourced from trusted platforms and websites.

Leave a Comment