अयोध्या जिला जेल से दो कैदी फरार, हत्या के प्रयास और बलात्कार के आरोपी थे बंद !

अयोध्या जिला जेल से दो कैदी बैरक तोड़कर और बाउंड्री वॉल कूदकर फरार हो गए। एक कैदी हत्या के प्रयास और दूसरा बलात्कार के आरोप में निरुद्ध था। जेल प्रशासन में हड़कंप मचा।

अयोध्या संवाददाता – आजम खान मोनू

अयोध्या। जिला जेल अयोध्या से दो कैदियों के फरार होने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। फरार कैदियों की पहचान गोलू अग्रहरि उर्फ सूरज अग्रहरी निवासी अमेठी और शेर अली निवासी सुल्तानपुर के रूप में हुई है। दोनों कैदी जेल की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए तन्हाई बैरक तोड़कर बाउंड्री वॉल कूदकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फरार कैदियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन कर आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, गोलू अग्रहरि उर्फ सूरज अग्रहरी हत्या के प्रयास के मामले में जिला जेल में निरुद्ध था, जबकि शेर अली बलात्कार के गंभीर आरोप में बंद था। दोनों का जेल से इस तरह फरार होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।

जेल प्रशासन द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जेल कर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि फरार कैदियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना के बाद जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

Khursheed Khan Raju

I am a passionate blogger. Having 10 years of dedicated blogging experience, Khurshid Khan Raju has been curating insightful content sourced from trusted platforms and websites.

Leave a Comment