अयोध्या के महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भगवान श्रीराम की 35 फीट ऊँची प्रतिमा का अनावरण किया। डिजिटल इंडिया और सांस्कृतिक सॉफ्ट पावर पर दिया संदेश।
अयोध्या संवाददाता – आज़म खान मोनू
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल सोमवार को अयोध्या पहुंचीं, जहां महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की 35 फीट ऊँची भव्य प्रतिमा का अनावरण राज्यपाल आनंदीबेन पटेल द्वारा किया गया। प्रतिमा के अनावरण के साथ ही पूरा विश्वविद्यालय परिसर “जय श्री राम” के नारों से गूंज उठा और माहौल भक्तिमय हो गया।


समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी प्रमुख राष्ट्रीय पहलों की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में देश में अवसरों और आत्मविश्वास का एक नया युग आया है, जहां भारत अब अवसरों की प्रतीक्षा नहीं करता, बल्कि स्वयं अवसरों का सृजन करता है।
राज्यपाल ने युवाओं द्वारा रामायण और महाभारत जैसे महान ग्रंथों को डिजिटल, एनीमेशन और गेमिंग माध्यमों से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रीराम, अर्जुन और हनुमान जैसे आदर्श पात्र नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और इनके माध्यम से भारतीय संस्कृति को वैश्विक मंच पर मजबूती मिल रही है।
आनंदीबेन पटेल ने इस पहल को भारत की सांस्कृतिक सॉफ्ट पावर का स्वर्णिम क्षण बताते हुए कहा कि ऐसी सांस्कृतिक धरोहरें देश की पहचान को और मजबूत करती हैं। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षाविद, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।