बहराइच में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत मिशन शक्ति टीमों ने बाजारों, चौराहों व धार्मिक स्थलों पर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकार और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।
बहराइच संवाददाता – राजेश कुमार चौहान
बहराइच। जनपद में “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और स्वावलंबन को लेकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के तहत जनपद के सभी थानों पर गठित मिशन शक्ति टीमों द्वारा प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भ्रमण कर महिला पुलिस कर्मियों ने जागरूकता अभियान चलाया।


इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा मिशन शक्ति के अंतर्गत उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। टीमों ने बताया कि शासन और पुलिस विभाग महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रहा है, ताकि वे भयमुक्त वातावरण में आत्मनिर्भर बन सकें।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, जिनमें मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पीएम स्वानिधि योजना, पीएम सम्मान निधि योजना, वन स्टॉप सेंटर, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना आदि शामिल रहीं।


इसके साथ ही पुलिस विभाग से संबंधित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी पंपलेट के माध्यम से दी गई। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एंबुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। मोबाइल पर पैनिक बटन एवं इमरजेंसी कॉल का डेमो भी महिलाओं को दिखाया गया।
मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सुरक्षित व सशक्त बनाना है।