बहराइच में मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत मिशन शक्ति टीमों ने बाजारों, चौराहों व धार्मिक स्थलों पर महिलाओं और बालिकाओं को सरकारी योजनाओं व हेल्पलाइन की जानकारी दी।
बहराइच संवाददाता – राजेश कुमार चौहान
बहराइच। “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के तहत जनपद के सभी थानों पर गठित मिशन शक्ति टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर भ्रमण कर महिलाओं एवं बालिकाओं को अभियान के उद्देश्यों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, धार्मिक स्थलों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर महिला पुलिस कर्मियों द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं स्वावलंबन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।


जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा मिशन शक्ति के तहत उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। टीमों द्वारा विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पीएम स्वनिधि योजना, पीएम सम्मान निधि योजना, वन स्टॉप सेंटर, आयुष्मान योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना एवं मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में जानकारी दी गई।


इसके साथ ही पुलिस विभाग से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एंबुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में पंपलेट वितरित कर जागरूक किया गया। मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी समस्या की स्थिति में बिना संकोच संबंधित हेल्पलाइन पर संपर्क करें और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें।