उत्तर प्रदेश दिवस 2026 पर बहराइच के उप कृषि निदेशक विनय कुमार वर्मा को विषमुक्त खेती, आईपीएम और किसान हितैषी नवाचारों के लिए राज्य स्तरीय प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।
बहराइच संवाददाता – राजेश कुमार चौहान
बहराइच। उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस 2026 के अवसर पर जनपद बहराइच के उप कृषि निदेशक श्री विनय कुमार वर्मा को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्य स्तर पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उत्तर प्रदेश कृषि विभाग के निदेशक डॉ. पंकज त्रिपाठी एवं अपर कृषि निदेशक (प्रसार) द्वारा लखनऊ स्थित राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल, बसंतकुंज में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया।


कृषि विभाग द्वारा श्री विनय कुमार वर्मा को यह सम्मान उत्तर प्रदेश में कृषि योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने, विषमुक्त खेती को बढ़ावा देने, किसानों के बीच इसके व्यापक प्रचार-प्रसार, आईपीएम (इंटीग्रेटेड पेस्ट मैनेजमेंट) की उपयोगिता किसानों तक पहुंचाने तथा फसलों की सुरक्षा व कीट-रोग नियंत्रण को सुदृढ़ बनाने में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया।


उप कृषि निदेशक श्री विनय कुमार वर्मा द्वारा किसानों को लाइट ट्रैप एवं स्टिकी स्टिक के प्रयोग के माध्यम से रासायनिक कीटनाशकों पर निर्भरता कम कर विषमुक्त खेती के लिए प्रेरित किया गया। वे स्वयं किसानों के खेतों पर जाकर व्यावहारिक रूप से आईपीएम तकनीकों को अपनाने के लिए किसानों को जागरूक कर रहे हैं, जिससे किसानों में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।


जनपद बहराइच में तैनाती के बाद श्री वर्मा द्वारा कृषि विभाग की कार्यशैली में भी उल्लेखनीय सुधार किया गया है। उनके प्रयासों से जिले में स्थापित मृदा परीक्षण प्रयोगशाला को नया स्वरूप दिया गया है, जिससे किसान अब आसानी से अपनी खेत की मिट्टी की जांच कराकर वैज्ञानिक सलाह प्राप्त कर सकते हैं। इसके साथ ही कृषि भवन बहराइच को आधुनिक और कॉर्पोरेट लुक प्रदान किया गया है, जिसकी विभागीय एवं किसान स्तर पर व्यापक सराहना हो रही है।


कृषि विभाग बहराइच ने उप कृषि निदेशक श्री विनय कुमार वर्मा के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जिले में कृषि नवाचारों, किसान जागरूकता एवं टिकाऊ खेती को नई दिशा मिली है। राज्य स्तर पर मिला यह सम्मान न केवल बहराइच जनपद, बल्कि पूरे कृषि विभाग के लिए गौरव का विषय है।