जालौन के कोंच कोतवाली क्षेत्र में दिव्यांग अधेड़ शाकिर उर्फ बोरा का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप, पोस्टमार्टम के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
जालौन संवाददाता – अली जावेद
जालौन। कोंच कोतवाली क्षेत्र में एक दिव्यांग अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शाकिर उर्फ बोरा (लगभग 50 वर्ष), पुत्र निसार अहमद कुरैशी, निवासी आराजी लाइन कसाई मंडी, कोंच के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, शाकिर दिव्यांग था और बोलने में असमर्थ था। वह इशारों के माध्यम से लोगों से संवाद करता था और सरल, मिलनसार स्वभाव का था। शाकिर को मिर्गी (दौरे) की बीमारी थी, इसलिए आशंका जताई जा रही है कि मौत दौरे पड़ने के कारण हुई हो सकती है।
परिजनों ने बताया कि शाकिर कल शाम 5 बजे से लापता था। वे समझ रहे थे कि वह किसी परिचित के घर गया होगा, लेकिन सुबह शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।


पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।