जालौन की नन्ही वेदिका की बड़ी प्रतिभा, DM के सामने फर्राटे से सुनाए कठिन पहाड़े !

जालौन के बरखेरा गांव में निरीक्षण के दौरान कक्षा 3 की छात्रा वेदिका ने 9, 16, 17 और 19 के पहाड़े सुनाकर जिलाधिकारी को किया प्रभावित, ग्रामीण शिक्षा की मिसाल।

जालौन संवाददाता – अली जावेद

जालौन।
विकासखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरखेरा के निरीक्षण के दौरान उस समय एक प्रेरणादायक और यादगार दृश्य देखने को मिला, जब कक्षा 3 में पढ़ने वाली नन्ही छात्रा वेदिका ने अपनी असाधारण प्रतिभा से सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

निरीक्षण के दौरान जैसे ही जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय पंचायत परिसर में पहुंचे, बच्ची वेदिका ने आत्मविश्वास के साथ उन्हें “नमस्ते” कहा। जिलाधिकारी ने भी मुस्कुराकर उसका अभिवादन स्वीकार किया और उससे बातचीत शुरू की।

बातचीत के दौरान जिलाधिकारी द्वारा नाम पूछने पर बच्ची ने अपना नाम वेदिका बताया और बताया कि वह प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 3 की छात्रा है। जिलाधिकारी ने सहज भाव से उससे 09 का पहाड़ा सुनाने को कहा, जिसे वेदिका ने बिना रुके फर्राटे से सुना दिया। इसके बाद 16 का पहाड़ा पूछा गया, जिसे भी उसने पूरी शुद्धता और आत्मविश्वास के साथ पूरा किया।

जब जिलाधिकारी ने 17 और 19 जैसे अपेक्षाकृत कठिन पहाड़े सुनाने को कहा, तो वेदिका ने बिना किसी हिचकिचाहट के एक के बाद एक पहाड़े सुनाकर सभी को चौंका दिया। बच्ची की इस गणितीय दक्षता को देखकर वहां मौजूद अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण आश्चर्यचकित रह गए।

जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने नन्ही वेदिका की खुले दिल से सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली बच्चे यह साबित करते हैं कि ग्रामीण अंचलों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। सही मार्गदर्शन और लगन से ये बच्चे भविष्य में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं।

यह दृश्य न केवल ग्रामीण शिक्षा की सकारात्मक तस्वीर प्रस्तुत करता है, बल्कि अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन गया।

Khursheed Khan Raju

I am a passionate blogger. Having 10 years of dedicated blogging experience, Khurshid Khan Raju has been curating insightful content sourced from trusted platforms and websites.

Leave a Comment