कोंच में श्री अमरचंद महेश्वरी इंटर कॉलेज में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस !

जालौन के कोंच नगर स्थित श्री अमरचंद महेश्वरी इंटर कॉलेज में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, छात्र-छात्राओं में देशभक्ति का उत्साह और विद्यालय विकास हेतु 2 लाख रुपये की घोषणा की गई।

जालौन संवाददाता – अली जावेद

कोंच (जालौन)। जालौन जिले के कोंच नगर स्थित श्री अमरचंद महेश्वरी इंटर कॉलेज में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसमें छात्र-छात्राओं के भीतर देशभक्ति का उत्साह साफ तौर पर देखने को मिला।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विद्यालय के पूर्व प्रवक्ता एवं अंग्रेजी अध्यापक गजराज सिंह सेंगर रहे। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रेमनारायण वर्मा, विद्यालय अध्यक्ष राकेश खरे तथा विद्यालय प्रबंधक सरनाम सिंह यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा, भव्यता, सुंदरता एवं स्वच्छता की जिम्मेदारी विद्यालय के सहायक अध्यापक (विज्ञान) पवन निरंजन द्वारा बखूबी निभाई गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय प्रबंधक सरनाम सिंह यादव ने विद्यालय के विकास कार्यों के लिए 2 लाख रुपये की धनराशि दान स्वरूप प्रधानाचार्य को प्रदान की। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विकास में धन की कमी कभी आड़े नहीं आने दी जाएगी तथा उनका संकल्प है कि इस विद्यालय को अच्छे निजी विद्यालयों से भी आगे ले जाया जाएगा।

उन्होंने विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का भरोसा दिलाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रबंधक की इस घोषणा पर उपस्थित शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को फल एवं मिठाइयां खिलाकर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षकगण ने विद्यालय के प्रति उनके निरंतर सहयोग एवं योगदान के लिए प्रबंधक सरनाम सिंह यादव का आभार व्यक्त किया।

Khursheed Khan Raju

I am a passionate blogger. Having 10 years of dedicated blogging experience, Khurshid Khan Raju has been curating insightful content sourced from trusted platforms and websites.

Leave a Comment