माचलपुर के आदमपुरा में 5 करोड़ रुपये का एमडी ड्रग्स केमिकल बरामद। गोघटपुर फैक्ट्री कांड से जुड़े तार, पुलिस ने शुरू की अज्ञात आरोपियों की तलाश।
राजगढ़ संवाददाता – जावेद खान
माचलपुर। माचलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार रात्रि को पुलिस ने लावारिस हालत में फेंके गए पांच ड्रमों से भारी मात्रा में एमडी ड्रग्स बनाने वाला केमिकल बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आकी गई है!

खेत की खाई में छिपाया था मौत का सामान पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम आदमपूरा के एक खेत की खाई में कुछ संदिग्ध नीले ड्रम फेंके गए हैं। मौके पर पहुँचकर जब पुलिस ने तस्दीक की, तो पाँच ड्रमों में एमडी ड्रग्स बनाने में प्रयुक्त होने वाला खतरनाक केमिकल पाया गया। इसका कुल वजन 266.9 किलो है। पुलिस ने अनुभव और परीक्षण के आधार पर इसे वही केमिकल बताया है जो ड्रग्स फैक्ट्री में इस्तेमाल होता है!

गोघटपुर मामले से जुड़ रहे हैं तार ज्ञात हो कि कुछ समय पूर्व राजस्थान पुलिस की सूचना पर गोगटपुर निवासी रघु पाटीदार के घर पर संयुक्त कार्रवाई की गई थी, जहाँ 4 करोड़ का केमिकल और ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई थी। रघु पाटीदार फिलहाल फरार है और पुलिस का मानना है कि आदमपूरा में मिला यह केमिकल उसी मामले से जुड़ा हुआ है। फैक्ट्री पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने इसे यहाँ ठिकाने लगाया होगा!
क्षेत्र में फैला नशे का जाल इतनी बड़ी मात्रा में केमिकल की बरामदगी इस बात की ओर इशारा करती है कि यह क्षेत्र नशे का एक बड़ा हब बनता जा रहा है। पुलिस ने फिलहाल NDPS एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपी और इस नेटवर्क के अन्य सदस्य गिरफ्त में होंगे!