बहराइच में “मिशन शक्ति 5.0” के तहत महिला पुलिस टीमों ने गांव-गांव जाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, स्वावलंबन और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।
बहराइच संवाददाता – राजेश कुमार चौहान
बहराइच। शासन के निर्देशानुसार महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए संचालित “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के तहत जनपद बहराइच में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में जनपद के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों ने बाजारों, कस्बों, धार्मिक स्थलों और सार्वजनिक चौराहों पर भ्रमण कर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग किया!


सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी महिला पुलिस कर्मियों ने कार्यक्रम के दौरान शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और उज्ज्वला योजना के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और आयुष्मान योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी साझा की!


हेल्पलाइन नंबरों का वितरण और डेमो पुलिस टीमों ने पंपलेट बांटकर महिलाओं को आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए पुलिस विभाग के विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। मोबाइल पर पैनिक बटन के इस्तेमाल का डेमो भी दिखाया गया। प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों के प्रति जागरूक किया गया:
- वीमेन पावर लाइन: 1090
- पुलिस आपातकालीन सेवा: 112
- साइबर क्राइम हेल्पलाइन: 1930
- मुख्यमंत्री हेल्पलाइन: 1076
- महिला हेल्पलाइन: 181
- एम्बुलेंस सेवा: 108/102



जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास भरना और उन्हें यह विश्वास दिलाना है कि प्रशासन और पुलिस हर कदम पर उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है!