भिवंडी: सबजेल की सुरक्षा में सेंध और ट्रैफिक जाम से जनता बेहाल; मनसे ने डीसीपी को सौंपा ज्ञापन !

भिवंडी में सबजेल से कैदी के फरार होने और ट्रैफिक की समस्या को लेकर मनसे ने डीसीपी शशिकांत बोराटे को सौंपा ज्ञापन। सुरक्षा और अव्यवस्था पर उठाए सवाल!

ठाणे महाराष्ट्र संवाददाता – अरविंद जैसवार

भिवंडी। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने भिवंडी शहर की सुरक्षा व्यवस्था और बेलगाम ट्रैफिक की समस्या को लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मनसे जिला अध्यक्ष डॉक्टर मनोज गुलवी के मार्गदर्शन में एक प्रतिनिधिमंडल ने भिवंडी शहर के डीसीपी शशिकांत बोराटे से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा!

सबजेल की सुरक्षा पर उठाए गंभीर सवाल मनसे पदाधिकारियों ने डीसीपी का ध्यान पिछले दिनों हुई उस घटना की ओर आकर्षित किया, जिसमें शहर के एकमात्र सबजेल से एक शातिर कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि उक्त अपराधी पर दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज थे। मनसे ने सवाल उठाया कि इतने गंभीर अपराधी का फरार होना जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगाता है। प्रतिनिधिमंडल ने इस मामले में लापरवाह अधिकारियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की है!

ट्रैफिक की समस्या से निजात दिलाने की अपील सुरक्षा के साथ-साथ मनसे ने शहर में दिन-प्रतिदिन बदतर होती ट्रैफिक व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। ज्ञापन में कहा गया है कि भिवंडी की सड़कों पर लगने वाले लंबे जाम से आम नागरिक, छात्र और मरीज बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। मनसे ने डीसीपी से मांग की है कि ट्रैफिक विभाग को सख्त निर्देश देकर सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए!

डीसीपी शशिकांत बोराटे ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए उचित कदम उठाने और दोषियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है!

Khursheed Khan Raju

I am a passionate blogger. Having 10 years of dedicated blogging experience, Khurshid Khan Raju has been curating insightful content sourced from trusted platforms and websites.

Leave a Comment