प्रवीण तोगड़िया पहुंचे अयोध्या, रामलला के दर्शन कर राम मंदिर को बताया भव्य और अद्भुत !

अयोध्या पहुंचे प्रवीण तोगड़िया ने रामलला के दर्शन-पूजन किए, चंपत राय से मुलाकात की और राम मंदिर की भव्यता की सराहना की। यूजीसी नियमों और हिंदू एकता पर भी दिया बयान।

अयोध्या संवाददाता – आजम खान मोनू

अयोध्या। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया देर शाम रामनगरी अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में भगवान रामलला के दर्शन-पूजन किए। दर्शन के उपरांत उनकी श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से मुलाकात हुई, जिन्होंने लगभग एक घंटे तक उन्हें राम मंदिर परिसर का भ्रमण कराया।

राम मंदिर भ्रमण के बाद प्रवीण तोगड़िया ने मीडिया से बातचीत में मंदिर निर्माण को अत्यंत भव्य, सुंदर और दिव्य बताया। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण में छोटी-छोटी बातों पर विशेष ध्यान दिया गया है, जो इसे और भी अद्वितीय बनाता है। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी खुलकर सराहना की।

प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि जूता-चप्पल, मोबाइल फोन और अन्य सामान रखने की सुव्यवस्थित व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए बेहद सराहनीय है, जिससे दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होती।

इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियमों पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि ऐसे किसी भी नियम से समाज को बांटने का प्रयास नहीं होना चाहिए। उन्होंने हिंदू समाज की एकता बनाए रखने पर जोर देते हुए सरकार से सभी वर्गों की भावनाओं का सम्मान करने की अपील की।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के अनशन के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि जो कुछ हुआ, वह नहीं होना चाहिए था और ऐसे मामलों को संवेदनशीलता के साथ सुलझाया जाना चाहिए।

Khursheed Khan Raju

I am a passionate blogger. Having 10 years of dedicated blogging experience, Khurshid Khan Raju has been curating insightful content sourced from trusted platforms and websites.

Leave a Comment