रामपुर में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी की अगुवाई में मतदाता जागरूकता रैली, शपथ कार्यक्रम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और उत्कृष्ट बीएलओ व विद्यार्थियों का सम्मान किया गया।
रामपुर संवाददाता – शाहबाज खान
रामपुर। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जनपद रामपुर में मतदाता जागरूकता को लेकर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में मतदाताओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक करना रहा।

जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने किला परिसर स्थल से गांधी समाधि स्थल तक आयोजित मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान स्कूली बच्चों को मतदाता शपथ भी दिलाई गई। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि जिन नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर नया वोटर आईडी कार्ड बनवा सकते हैं।
इसके उपरांत सिविल लाइन स्थित जिला सहकारी बैंक सभागार में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां जिलाधिकारी ने स्कूली बच्चों को लोकतंत्र में आस्था रखते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की शपथ दिलाई।


विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संदीप कुमार वर्मा द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ, सुपरवाइजर तथा जनपद स्तर पर चलाए जा रहे मतदाता जागरूकता अभियानों में निबंध, मेहंदी व स्लोगन प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं और स्कूल प्रधानाचार्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही नए मतदाताओं को वोटर आईडी कार्ड भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने मतदाता जागरूकता पर आधारित नुक्कड़ नाटक एवं जागरूकता गीत प्रस्तुत कर लोगों को अपने मताधिकार के प्रयोग का संदेश दिया। नगर मजिस्ट्रेट सालिक राम की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यरत समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी मतदान की शपथ दिलाई गई। इसके अतिरिक्त जनपद की सभी तहसीलों में भी राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किए गए।