रामपुर कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने जनसमस्याएं सुनीं, 5 लोगों को आयुष्मान कार्ड और एक बच्ची को इलाज हेतु ₹25 हजार की सहायता दी।
रामपुर संवाददाता – शाहबाज खान
रामपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए और पात्र व्यक्तियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के उपलब्ध कराया जाए।


जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान भैसोड़ी टोला, रामपुर निवासी कु० जुबिया पुत्री इरफान खान द्वारा गंभीर बीमारी के उपचार से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी ने कु० जुबिया एवं उसके पिता इरफान खान को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड प्रदान कराया। साथ ही, तत्काल उपचार सहायता के उद्देश्य से रेडक्रास सोसायटी के माध्यम से कु० जुबिया को ₹25,000 की आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई।
इसी क्रम में थाना टांडा, तहसील सदर निवासी सलीम को गंभीर बीमारी के उपचार हेतु आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया, जिससे उन्हें बेहतर चिकित्सकीय सुविधा मिल सके। इसके अतिरिक्त शादी की मड़ैया, तहसील सदर निवासी कासिम एवं भूरा को भी आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, ताकि वे और उनके परिवार सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठा सकें।


जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।