रामपुर पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने रिजर्व पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस 2026 परेड रिहर्सल का निरीक्षण किया, झांकियों व ड्रिल का लिया जायजा।
रामपुर संवाददाता – शाहबाज खान
रामपुर। आगामी गणतन्त्र दिवस–2026 के अवसर पर आयोजित होने वाली परेड की तैयारियों को लेकर रामपुर पुलिस अधीक्षक एवं अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन, रामपुर स्थित परेड ग्राउण्ड में परेड रिहर्सल का निरीक्षण किया गया।


निरीक्षण के दौरान परेड में सम्मिलित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्रिल, अनुशासन, टर्नआउट और आपसी समन्वय का सूक्ष्मता से अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने परेड को और अधिक प्रभावशाली एवं अनुशासित बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
रिहर्सल के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली झांकियों का भी निरीक्षण किया गया। इनमें कृषि विभाग, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उद्योग विभाग तथा जनपद की विशिष्ट पहचान रामपुरी चाकू पर आधारित झांकियां शामिल रहीं। इसके साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत झांकियों ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया।


इन झांकियों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और स्थानीय उद्योगों को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया।
इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और विकास यात्रा को दर्शाती एक मनमोहक झांकी भी प्रस्तुत की गई, जिसने रिहर्सल को और अधिक आकर्षक बना दिया।
पुलिस एवं प्रशासन द्वारा गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, अनुशासित एवं सफल बनाने की तैयारियां पूरी मुस्तैदी से की जा रही हैं।