रामपुर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन पर भव्य पुलिस परेड आयोजित हुई। मुख्य अतिथि कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने परेड की सलामी ली, शपथ दिलाई और उत्कृष्ट पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया।
बहराइच संवाददाता – राजेश कुमार चौहान
रामपुर। गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन, रामपुर स्थित परेड ग्राउंड में पुलिस द्वारा भव्य परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया।


भव्य परेड का नेतृत्व परेड कमांडर प्रथम के रूप में सुश्री हर्षिता सिंह क्षेत्राधिकारी बिलासपुर, द्वितीय कमांडर के रूप में उ0नि0 ज्योति थाना शहजादनगर तथा तृतीय कमांडर के रूप में उ0नि0 निशु फोगाट द्वारा किया गया।
परेड में कुल 8 प्लाटून सम्मिलित रहीं, जिनमें महिला आरक्षी प्रशिक्षु दल के साथ-साथ मोटरसाइकिल दस्ता, डायल 112, विशेष महिला सुरक्षा दल, अग्निशमन विभाग, श्वान दल तथा विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं।


झांकियों में कृषि विभाग, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उद्योग विभाग एवं जनपद की विशिष्ट पहचान रामपुरी चाकू पर आधारित झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसके साथ ही स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया।


रैतिक परेड के उपरांत मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनपद के न्यायिक, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में दर्शकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जनपद के 10 विद्यालयों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा। कार्यक्रम का संचालन श्री सुहेल अहमद (उर्दू अनुवादक) द्वारा किया गया।