रामपुर-शाहबाद मार्ग पर अवैध कॉलोनियों पर बड़ी ध्वस्तीकरण कार्यवाई, प्रशासन सख्त !

रामपुर-शाहबाद मार्ग पर विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ जिला पंचायत व प्रशासन की संयुक्त ध्वस्तीकरण कार्यवाई, डीएम के निर्देश पर चला अभियान।

रामपुर संवाददाता – शाहबाज खान

रामपुर। जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में जिला पंचायत एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा रामपुर-शाहबाद मार्ग पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध बड़ी ध्वस्तीकरण कार्यवाई की गई। इस सख्त अभियान से अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया।

अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत ने जानकारी देते हुए बताया कि सबसे पहले महक ग्रीन फार्म के नाम से प्रो० सौरभ मित्तल द्वारा जिला पंचायत, रामपुर से बिना मानचित्र स्वीकृत कराए की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। इसके बाद गठित टीम द्वारा ग्राम नदना में लेखराज निवासी नदना की अवैध प्लाटिंग पर कार्यवाई की गई।

इसी क्रम में नरखेड़ा क्षेत्र में श्री सदाकत हुसैन द्वारा विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। ग्राम फैजुल्लानगर में लेखराज की अवैध प्लाटिंग, ग्राम ढकुरिया में स्थित शाहबाद गार्डन की अवैध प्लाटिंग तथा ककरौआ में इसरार बेग द्वारा की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी बुलडोजर चला।

इसके अतिरिक्त ग्राम नदना में जब्बार निवासी पटवाई द्वारा जिला पंचायत से बिना मानचित्र स्वीकृत कराए की जा रही अवैध प्लाटिंग को भी ध्वस्त किया गया। समस्त कार्यवाई उपजिलाधिकारी शाहबाद एवं थानाध्यक्ष पटवाई के सहयोग से शांतिपूर्ण एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराई गई।

अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भविष्य में भी बिना मानचित्र स्वीकृति विकसित की जा रही सभी अवैध कॉलोनियों एवं व्यवसायिक भवनों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण की कार्यवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार के भू-खण्ड क्रय-विक्रय अथवा निर्माण से पूर्व जिला पंचायत से मानचित्र की स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें, अन्यथा विधिक कार्यवाई की जाएगी।

Khursheed Khan Raju

I am a passionate blogger. Having 10 years of dedicated blogging experience, Khurshid Khan Raju has been curating insightful content sourced from trusted platforms and websites.

Leave a Comment