सुल्तानपुर कलेक्ट्रेट गेट पर लगे होर्डिंग ने बढ़ाई हलचल, शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के अपमान विरोध का संदेश बना चर्चा का केंद्र।
ब्यूरो रिपोर्ट – सुल्तानपुर
सुल्तानपुर। जिला कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर लगाए गए एक बड़े होर्डिंग ने शहर में चर्चाओं का माहौल गर्म कर दिया है। इस होर्डिंग पर लिखे संदेश “शंकराचार्य का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” ने राहगीरों और आमजन का खासा ध्यान आकर्षित किया। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर लगे इस होर्डिंग को लेकर दिनभर लोगों के बीच चर्चा होती रही।

होर्डिंग में सनातन धर्म के शीर्ष आध्यात्मिक गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की तस्वीर के साथ सुब्रत सिंह ‘सनी’, पूर्व अध्यक्ष, युवा कांग्रेस सुल्तानपुर का नाम और फोटो भी अंकित है। संदेश के जरिए शंकराचार्य के साथ कथित अपमान के विरोध को सार्वजनिक रूप से दर्शाया गया है, जिसे लेकर प्रशासनिक परिसर के बाहर माहौल चर्चा का विषय बना रहा।
कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास मौजूद लोगों के बीच इस होर्डिंग को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया, वहीं कुछ ने इसे राजनीतिक संदेश और सियासी संकेत के रूप में देखा। सोशल और राजनीतिक हलकों में भी यह होर्डिंग चर्चा का केंद्र बना हुआ है।
फिलहाल, जिला कलेक्ट्रेट गेट पर लगा यह होर्डिंग सुल्तानपुर में सामाजिक और राजनीतिक बहस को जन्म दे रहा है और लोग इसके उद्देश्य व संदेश को लेकर अपनी-अपनी राय रख रहे हैं।