सुल्तानपुर में जमीन विवाद बना खूनी, भतीजे ने चाचा की हत्या की, चाची गंभीर !

सुल्तानपुर के करौंदिया डिहवा गांव में जमीन विवाद में चाचा की हत्या, चाची गंभीर रूप से घायल। आरोपी भतीजा फरार, प्रॉपर्टी डीलरों की भूमिका की जांच।

ब्यूरो रिपोर्ट – सुल्तानपुर

सुल्तानपुर। कोतवाली नगर क्षेत्र के करौंदिया डिहवा गांव में जमीन विवाद ने हिंसक और खूनी रूप ले लिया। भतीजे ने अपने साथियों के साथ मिलकर चाचा-चाची पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल हैदर अब्बास (55) की शनिवार भोर में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि चाची की हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया है।

घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। हमले के बाद घायल हैदर अब्बास को तत्काल सुल्तानपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां हालत गंभीर होने के बावजूद बाद में उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है।

बताया जा रहा है कि जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से विवाद चल रहा था और मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसी बीच कीमती जमीन को लेकर आरोपी भतीजा कुछ प्रॉपर्टी डीलरों के संपर्क में आ गया था, जिसके चलते विवाद और गहरा गया। इसको लेकर पहले भी कई बार दोनों पक्षों में झड़प हो चुकी थी।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भतीजा अपने सहयोगियों के साथ फरार हो गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। साथ ही पुलिस इस पूरे प्रकरण में प्रॉपर्टी डीलरों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों में घटना को लेकर दहशत और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्यवाई की जाएगी।

Khursheed Khan Raju

I am a passionate blogger. Having 10 years of dedicated blogging experience, Khurshid Khan Raju has been curating insightful content sourced from trusted platforms and websites.

Leave a Comment