भाजपा विधायक विनोद सिंह और जयसिंहपुर सदर विधायक राजप्रसाद उपाध्याय ”राज बाबू” ने सपा नेता मोनू और पत्नी नीतू सिंह के खिलाफ दी तहरीर, सरकारी धन के दुरुपयोग व व्यावसायिक गतिविधियों में लिप्त होने के लगाए आरोप !
सुलतानपुर।
सुलतानपुर जिले की राजनीति में जारी वर्चस्व की जंग अब परिवारों तक पहुँच गई है। भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री विनोद सिंह ने धनपतगंज ब्लॉक के पूर्व प्रमुख और सपा नेता यशभद्र सिंह मोनू और उनकी पत्नी नीतू सिंह के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मोनू और उनके सहयोगी सरकारी धन का दुरुपयोग कर रहे हैं और व्यावसायिक गतिविधियों में लिप्त हैं। इस शिकायत में ठेकेदार राहुल सिंह सहित अन्य लोगों का भी नाम शामिल किया गया है।
भाजपा विधायकों विनोद सिंह और राजप्रसाद उपाध्याय द्वारा संयुक्त रूप से हस्ताक्षरित यह तहरीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
सपा नेता मोनू ने आरोपों का कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि सत्ता के दबाव और वर्चस्व की लड़ाई के चलते उन्हें और उनके परिवार को फर्जी मुकदमों में फंसाने की कोशिश की जा रही है। मोनू ने इसे सत्ता का दुरुपयोग बताया और जनता के सामने सच्चाई आने का भरोसा जताया।