ठाणे क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, एंटी-एक्सटॉर्शन स्क्वॉड ने 4.576 किलो हेरोइन के साथ 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
ठाणे महाराष्ट्र संवाददाता – अरविंद जैसवार
ठाणे में क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है, जहां एंटी-एक्सटॉर्शन स्क्वॉड ने 13 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की हेरोइन जब्त करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
डीसीपी अमरसिंह जाधव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधिकारी आशीष ठाकुर को गुप्त सूचना मिली थी कि गायमुख, घोड़बंदर रोड, ठाणे क्षेत्र में एक व्यक्ति ड्रग्स की सप्लाई के लिए आने वाला है। सूचना के आधार पर टीम ने जाल बिछाकर ऑटो चालक फरदीन गुलजार मुल्ला को पकड़ा। पूछताछ में दो अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 किलो 576 ग्राम हेरोइन बरामद की है, जिसकी घरेलू बाजार कीमत 13 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत छह गुना तक आंकी जा रही है।
इस मामले में कासरवडवली पुलिस स्टेशन, ठाणे में NDPS अधिनियम 1985 की धारा 8(ए), 21(ए) के तहत मुकदमा संख्या 97/2026 दर्ज किया गया है। तीनों आरोपी फिलहाल पुलिस कस्टडी में हैं और मामले की आगे की जांच PSI सुनील तरमाले द्वारा की जा रही है।
ठाणे पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों की बिक्री, भंडारण और परिवहन अपराध है। यदि किसी को ड्रग्स नेटवर्क से जुड़ी जानकारी हो तो एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड, क्राइम ब्रांच ठाणे को सूचित करें, सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस अब इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने की जांच में जुटी है।