UP ELECTION 2022: एकता और बिखराव से पलटती है बाजी, छह बार फिरोजाबाद विधानसभा ने चुने मुस्लिम विधायक
फिरोजाबाद सदर सीट की जनता ने छह बार मुस्लिम विधायकों को चुनकर विधानसभा भेजने का काम किया है। इसी विधानसभा में नौ बार मुस्लिम प्रत्याशी दूसरे स्थान पर रहे। फिरोजाबाद विधानसभा का चुनाव अंतिम दौर में काफी रोचक हो जाता है।
फिरोजाबाद विधानसभा क्षेत्र में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या करीब सवा लाख है। मुस्लिम मतदाताओं के एकतरफा रूझान से हमेशा चौंकाने वाले नतीजे आए हैं। वहीं मुस्लिम मतों के बिखराव से बाजी पलटती रही है। आजादी के बाद 1952 में यहां से इसरार उल हक विधायक नामित किए गए थे। 1957 के चुनाव में जगन्नाथ लहरी जीते। उन्होंने हैदरबक्श को 4589 मतों से हराया था। 1967 के चुनाव श्रमिक नेता राजाराम 25490 मत पाकर जीते थे लेकिन दूसरे नंबर पर एस अली 13059 मत पाकर रहे। 1974 के विधानसभा चुनाव में इस सीट से 18895 मत पाकर मोहम्मद अयूब विधानसभा पहुंचे उन्होंने गोपाल प्रसाद अग्रवाल को 5841 मतों से हराया था। 1977 के चुनाव में रघुवर दयाल वर्मा 30726 मत पाकर विधायक बने, उन्होंने अब्दुल अलीम को 14178 मतों से हराया था। 1980 के चुनाव में कांग्रेस लहर में गुलामनबी एडवोकेट 28373 मत पाकर विधायक बने थे, उन्होंने रघुवर दयाल वर्मा को 11845 मतों से हराया था।